शहर में पिछले कई सालों से बंद पड़ा स्लाटर हाउस अब जल्द ही शुरू होने वाला है। पानी का कनेक्शन न लग पाने सेे अभी इसे शुरू होने में 10 से 15 दिन लग जाएंगे। स्लाटर हाउस पशुपालन विभाग उपनिदेशक कार्यालय के पास बनाया गया है। पिछले लंबे अरसे से शहर में बना स्लाटर हाउस बंद पड़ा था। साथ ही लोगों को मीट बिना जांच के ही बेचा जा रहा था। लंबे समय से मीट व्यापारी जानवर को अपनी दुकान के पीछे ही काट कर बेचने के लिए दुकान में रख देते थे। नगर परिषद को चेताया जा रहा था कि बिना डॉक्टरों की निगरानी और मांस की जांच किए बिना ही दुकानों में मांस बेचा जा रहा है। इससे कभी भी भयंकर बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है।
अब फिर से स्लाटर हाउस को खोलने की कवायद नगर परिषद ने शुरू कर दी है। स्लाटर हाउस को पशु उपनिदेशक कार्यालय के पास बनाया जाएगा। अब लोगों को चिंता करने की भी जरूरत नहीं रहेगी क्योंकि डॉक्टरों की जांच के बाद ही लोगों को मीट मिल सकेगा। नगर परिषद के सेनेटरी इंस्पेक्टर गुरदास शर्मा का कहना है कि जल्द ही बिलासपुर में स्लाटर हाउस शुरू किया जाएगा। हाउस लगभग पूरा तैयार है। केवल पानी का कनेक्शन लगना रह गया है। आईपीएच अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। जैसे ही पानी का कनेक्शन लग जाएगा, हाउस को शुरू कर दिया जाएगा।
000