बिलासपुर। होमगार्ड पांचवीं वाहिनी बिलासपुर के प्रशिक्षण केंद्र में गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा का वार्षिक स्थापना दिवस बुधवार को मनाया गया। जिला स्तर पर आयोजित इस स्थापना दिवस पर गृह रक्षा पांचवीं वाहिनी के आदेशक अजय बोध ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बधाई संदेशों को पढ़कर सुनाया व गृह रक्षकों की परेड व बैंड प्रदर्शन का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गृह रक्षक हर कार्य को करने में समक्ष हैं। गृह रक्षक न केवल सुरक्षा का कार्य करते हैं बल्कि सफाई अभियानों, रक्तदान में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। गृह रक्षा पांचवीं वाहिनी बिलासपुर के प्रशिक्षण केंद्र में गृह रक्षकों का शिविर 16 नवंबर से शुरू है। इसका समापन 7 दिसंबर को होगा। इस शिविर में बिलासपुर के अधीनस्थ 6 कंपनियों से 50 गृहरक्षक भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर नागरिक सुरक्षा, यूएसी, पीटी व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में गृह रक्षकों की अन्य कंपनियों के 70 अधिकारियों, गृह रक्षकों व 40 अतिथिगणों, 50 गृहरक्षक (ड्यूटी) ने भी अपनी उपस्थिति दी।