बिलासपुर में हेरोइन के साथ पकड़ा आरोपी और मौजूद पुलिस अधिकारी। स्रोत: पुलिस विभाग
आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस चौकी शहर की टीम ने गश्त के दौरान की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस चौकी शहर की टीम ने शहर के एक होटल में ठहरे दूसरे राज्य के युवक से 12.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि बिलासपुर के एक होटल में ठहरा एक युवक भारी मात्रा में चिट्टा लेकर आया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और होटल के कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी तेजवीर (34) निवासी गांव बाहु जगालपुर डाकघर गद्दीखेरी जिला रोहतक (हरियाणा) के कब्जे से 12.95 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन और नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले समय में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस थाना सदर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।