जिला परिषद के लिए 20, पंचायत समितियों के लिए 125 नामांकन
पंचायत समिति घुमारवीं में सबसे ज्यादा 51 उम्मीदवार
चुनावों में वार्ड सदस्य पदों के लिए सबसे अधिक उम्मीदवार मैदान में
-12 मई को होगी जांच, 14 और 15 मई को नाम वापसी का मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर दूसरे दिन नामांकन प्रक्रिया ने पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली। जिला परिषद, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर उम्मीदवारों की भारी भीड़ संबंधित कार्यालयों में देखने को मिली। शुक्रवार को पूरे दिन नामांकन दाखिल करने वालों का तांता लगा रहा और कई स्थानों पर समर्थकों के साथ पहुंचे उम्मीदवारों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। दूसरे दिन जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 1281 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी माहौल को गर्मा दिया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए शुक्रवार को 20 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए, जबकि पंचायत समितियों के लिए 125 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे भरे। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए 1136 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने का दावा पेश किया। बताया कि पंचायत समिति चुनावों में सबसे अधिक सक्रियता घुमारवीं विकास खंड में देखने को मिली, जहां 51 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। इसके अलावा झंडूता पंचायत समिति के लिए 28, श्री नयना देवी जी पंचायत समिति के लिए 10, सदर पंचायत समिति के लिए 36 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए। पंचायत समिति स्तर पर दूसरे दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं। ग्राम पंचायत चुनावों में भी इस बार उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। जिले की 182 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल हुए हैं। सदर विकास खंड के अंतर्गत प्रधान पद के लिए 47, उप प्रधान पद के लिए 55 तथा वार्ड सदस्य पदों के लिए 152 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। घुमारवीं विकास खंड में प्रधान पद के लिए 92, उप प्रधान के लिए 91, वार्ड सदस्य पदों के लिए 287 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
इसी तरह झंडूता विकास खंड में प्रधान पद के लिए 38, उप प्रधान पद के लिए 46 और वार्ड सदस्य पदों के लिए 170 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं श्री नयना देवी जी विकास खंड में प्रधान पद के लिए 32, उप प्रधान पद के लिए 36 तथा वार्ड सदस्य पदों के लिए 90 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन जमा करवाए। लगातार बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक राजनीतिक सक्रियता बनी हुई है। नामांकन केंद्रों पर सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही। कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन केंद्र पहुंचे। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करवाया। उपायुक्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 11 मई तक जारी रहेगी। उम्मीदवार संबंधित कार्यालयों में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को होगी। इसके बाद 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले की ग्राम पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को मतदान करवाया जाएगा। ग्राम पंचायतों के मतों की गिनती मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित पंचायतों में ही की जाएगी। जबकि जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 31 मई को तय मतगणना केंद्रों पर होगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।