अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं श्री नयना देवी जी के विधायक रामलाल ठाकुर ने सरकार के जनमंच कार्यक्रमों पर सवाल खड़े किए हैं। रामलाल ठाकुर ने कहा है कि सरकार लोकसभा चुनावों के प्रचार अपने इन जनमंच कार्यक्रमों में कर रही है। जबकि सरकारी पैसे का भी दुरुपयोग किया जा रहा है। गत दिवस श्री नयना देवी में संपन्न हुए जनमंच का हवाला देते हुए बताया कि इसमें 154 मामले आए थे तथा करीब 70 मामले मौके पर एकत्रित किए गए। इसमें से जिला प्रशासन द्वारा 58 मामलों का निपटारा किए जाने का दावा किया जा रहा है जबकि हकीकत में कोई भी निपटारा नहीं हुआ है।
बिलासपुर सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक रणधीर शर्मा की ओर से दिए गए उस बयान पर पलटवार किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि जनमंच का विरोध करवाने वाले भी इसमें शरीक हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते इस कार्यक्रम में भाग लेने गए थे तथा इस बाबत उन्हें बाकायदा निमंत्रण भी मिला था। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि वे किसी पार्टी के पदाधिकारी के नाते इस कार्यक्रम में नहीं गए थे। जनमंच कार्यक्रम एक ढोंग मंच कार्यक्रम बनकर रह गया है तथा इसमें अधिकारियों को तो सरेआम लताड़ लगाई जा रही है।
हर महीने होने वाले इस जनमंच से पहले अधिकारी व कर्मचारी 15 दिन प्री-जनमंच के लिए फील्ड में रहते हैं और अगले 15 दिन इसकी रिपोर्ट तैयार करने में व्यस्त रहते हैं। हर सोमवार को मंडे मीटिंग के नाम पर अधिकारी अपने कार्यालयों से गायब रहते हैं। पूरा महीना अधिकारियों के गायब रहने से लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं। जनमंच के नाम पर लोगों के आंखों में धूल झोंकी जा रही है। जनमंच में कोई भी शिकायत हल नहीं होती है। जनमंच कार्यक्रम में चहेतों के विरुद्ध आने वाली शिकायतों को गायब कर दिया जाता है। जनमंच के माध्यम से गलत सूचनाएं दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार को लोगों को मूर्ख बनाना छोड़ देना चाहिए और विकासात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
-----------------