अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। प्रदेश की हर पंचायत में पंचायत घर का निर्माण किया जा रहा है और पंचायत के लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलें, इसके लिए पंचायत क्षेत्र में मिनी सचिवालय बनाने के भी प्रयास किए जाएंगे। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ग्राम पंचायत माकड़ी में 8 लाख 65 रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत घर का उद्घाटन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूरे बजट का एक तिहाई बजट ग्रामीण विकास पर खर्च किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण विकास के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जाएं जिसके लिए पंचायतों को अधिक से अधिक धन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि कार्य के लिए उपयोग में लाए जाने वाले ट्रैक्टर में महज 5 ईंच की हरी पट्टी को ही ट्रैक्टर पर दर्शाना होगा, जिससे उनके धन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि किसानों की यह मांग काफी लंबे समय से चल रही थी जिसे वर्तमान सरकार ने पूरा कर प्रदेश के किसानों को राहत प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के स्कूल के नाम को शहीद विजय कुमार रखने के लिए प्राथमिकता के आधार पर मामला कैबिनेट में लाया जाएगा।
इस मौके पर राज्य कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष, प्रधान संजीव चंदेल, वरिष्ठ कार्यकर्ता गोपाल सिंह, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत भाखड़ा राज कृष्ण धीमान, उप प्रधान कुशल किशोर, एसडीएम स्वारघाट अनिल चौहान, पीओ डीआरडीए संजीत सिंह, एसडीओ लोक निर्माण मुकेश, एसडीओ आईपीएच भूपेंद्र, एसडीओ विद्युत तारा चंद के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।