अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। चौथे जनमंच की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुर्वेद मंत्री विपिन सिंह परमार 2 सितंबर को बिलासपुर जिला के कुठेड़ा में आयोजित होने जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा इस दौरान वह लोगों की समस्याओं को सुनेंगे तथा मौके पर उनका निपटारा भी करेंगे।
बताया कि बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत कुठेड़ा में 2 सितंबर को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम से पूर्व सभी विभागों की ओर से निरंतर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है और लोगों को जनमंच को लेकर जागरूक किया जा रहा है। शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए जागरूकता शिविर तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने के लिए जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम में विशेषतौर पर चिन्ह्ति की गई पंचायतों मैहरी काथला, लद्दा, तलवाड़ा, कुठेड़ा, मोरसिंघी, पटेर, भलस्वांए, तलयाणा, हवांण तथा सरयूण खास के ग्रामीणों को सूचना एवं जनमंच कार्यक्रम के प्रचार वाहन के माध्यम से भी जनमंच कार्यक्रम की भी जानकारी दी जा रही है।
जनमंच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का बेहतर व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं के निपटारे के अतिरिक्त हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, आय प्रमाण पत्र, किसान, बागवान प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अस्थायी भवन की मरम्मत और कानूनी सहायता आदि कार्य पूरे किए जाएंगे।
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी पेंशन, महिला मंडलों व युवक मंडलों के पंजीकरण, बीपीएल व आईआरडीपी परिवारों के ऋण, भूमि विकास व भू-संरक्षण कार्य, बंदूक व ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन पत्र भरने, लाइसेंस नवीनीकरण, और नामांतरण के दस्तावेजी कार्यों के अतिरिक्त जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों के पंजीकरण, डिजिटल राशन कार्ड बनाने व बेटी है अनमोल तथा 70 वर्ष की आयु की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गृहिणी सुविधा योजना से संबंधित मामलों के अतिरिक्त जीवन बीमा से संबंधित दस्तावेज पूर्ण करने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ जनमंच कार्यक्रम में बेटी है अनमोल योजना के तहत 5 बच्चियों को सम्मानित किया जाएगा और 10-10 हजार की एफडी भी प्रदान की जाएगी।
....