शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक की तपोस्थली शाहतलाई में चैत्र मास मेले शुक्रवार को संपन्न हो गए। एक माह तक चलने वाले मेले 14 मार्च को शुरू हुए थे। मेले में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, उत्तर प्रदेश सहित विदेशों से करीब दस लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर मन्नत मांगीं। 14 मार्च से 12 अप्रैल तक 75 लाख 97 हजार 843 रुपये नकद चढ़ावा चढ़ा। मेला सहायक अधिकारी की अगवाई में नगर पंचायत ने बाबा जी की नगरी की सुंदरता को बनाए रखने में हरसंभव प्रयास किए।
लोगों में चर्चा रही कि गंदगी को सरहयाली खड्ड में फेंका गया। इससे पेयजल योजनाएं प्रदूषित होंगी। नगर पंचायत ने इस बार लंगर लगाने वालों से 5000 हजार रुपये वसूले। नगर पंचायत में प्रवेश कर लगाकर अपनी आय में बढ़ोतरी की। श्रद्धालुओं से कर तो वसूला, लेकिन श्रद्धालुओं को सुविधाएं नहीं दीं। शौचालयों के सेप्टिक टैंक भरने से 15 दिन श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा।