शाहतलाई (बिलासपुर)। चैत्र मेलों को लेकर बाबा बालक नाथ मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। दिन भर लोग टोलियां बनाकर बाबा के दर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने घंटों कतारों में खड़े होकर बाबा के दर्शन किए।
गौर रहे कि बाबा के दर में महीना भर चैत्र मेलों का आयोजन होता है। इस दौरान यहां प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं मंगलवार को एसडीएम झंडूता एवं मेला प्रशासक नवीन शर्मा ने भी मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने नगर पंचायत के कर्मचारियों से भी मेलों के बारे में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए चर्चा की। ताकि मेला के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान रखा जाए। सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कई श्रद्धालुओं से भी स्वयं सफाई व्यवस्था के बारे में भी बातचीत की। इसके अलावा अन्य आने वाली श्रद्धालुओं से भी दिक्कतों को साझा किया।
इस दौरान उन्होंने कस्बे की सफाई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। उन्होंने पुलिस को दिशानिर्देश जारी किए की आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा दृष्टि में कोई कोताही न रहे।
इसके बाद यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने थाना प्रभारी से चर्चा की। मेला प्रशासक ने मंदिर न्यास की व्यवस्थाओं के बारे में न्यास मंदिर प्रभारी सुखदेव सिंह चंदेल कनिष्ठ अभियंता विजयपाल ठाकुर औ अन्य कर्मचारियों से बातचीत की और उन्हें दिशानिर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को हर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।