श्रीनयनादेवी (बिलासपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी मंदिर में 29 दिसंबर से शुरू हो रहे नववर्ष मेलों के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चार दिन तक चलने वाले इन मेलों में प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लाखों श्रद्धालु आते हैं। इसके लिए मंदिर न्यास ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है।
मंदिर अधिकारी मदन लाल चंदेल ने बताया नववर्ष मेले के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मंदिर परिसर को 9 सेक्टरों में बांटा गया है। हर दो सेक्टरों में एक मजिस्ट्रेट अपनी सेवा देंगे। मेलों के दौरान चार मेला मजिस्ट्रेट और 75 होमगार्ड और पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। मंदिर अधिकारी ने बताया कि पहली बार पंजाब से 50 सेवा दलों को सेवा करने के लिए बुलाया गया है। चार दिवसीय मेले के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर के अंदर नारियल, हलवा और पटाखों के फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कोताही बरतने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने मंदिर कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और उनकी सभी सुख सुविधा का ध्यान रखने के लिए आदेश दिए हैं।
उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी पीसी शर्मा ने बताया कि नगर परिषद मेलों के दौरान शहर की सफाई का जिम्मा बखूबी संभालेगी। शहर की गलियों और नालियों में समय-समय पर कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद ने दिल्ली की संस्था सुलभ इंटरनेशनल को इसका जिम्मा सौंप दिया है। उन्होंने सभी दुकानदारों से रास्तों से सामान तुरंत हटाने का आग्रह किया है। उन्होंने सभी दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों से अपील की है कि कूड़ा कर्कट रास्तों में न फेंकें।