अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
रौड़ा सेक्टर के कुछ क्षेत्रों में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति नहीं की गई है। इस कारण लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरन आस-पास के स्कूलों की टंकियों से पानी भरना पड़ रहा है। हालांकि इस संबंध में लोगों ने कई बार आईपीएच विभाग से भी शिकायत की लेकिन उसके बाद भी समस्या का कोई हल नहीं हो पाया।
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप है। क्षेत्र के लोगों महेंद्र शर्मा, बंती देवी, रमेश चंद, देवी राम राणा और दर्शन का कहना है कि घर पर लगे नलों में पानी की एक बूंद तक नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि पानी आस-पास के स्कूलों से लाना पड़ रहा है। लेकिन उससे भी गुजारा करना संभव नहीं हो पा रहा हैं। कई बार आईपीएच विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सूचना दी गई। पर समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया।
सोमवार को सेक्टर के लोग आईपीएच के एक्सईएन से मिले और उन्हें पानी की समस्या से अवगत करवाया। एक्सईएन ने लोगों का आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। इसके बाद आईपीएच विभाग के कर्मचारी मौके पर भी पहुंचे। लेकिन उसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया हैं। लोगों ने विभाग से मांग की कि उनकी समस्या को समय रहते दूर किया जा जाए।