पेशी पर न आने पर अदालत ने भगोड़ा किया था घोषित
पीओ सेल से पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस के पीओ सेल ने करीब 12 साल पुराने सड़क हादसे के मामले में फरार आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। आरोपी अदालत की पेशियों पर नहीं आ रहा था, जिस कारण उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।
गुड्डू राम निवासी गांव सगोठी तहसील चानानी, जिला उधमपुर, जम्मू और कश्मीर के खिलाफ साल 2012 में सदर थाना में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दूसरों को चोट पहुंचाने का आरोप लगा थ। उस पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के बाद मामला जिला अदालत में दायर किया। अदालत ने आरोपी को पेशियों पर हाजिर होने के लिए समन, वारंट आदि जारी किए, लेकिन वह लगातार गैर हाजिर रहा। अदालत ने उसे साल 2023 में भगोड़ा (उद्घोषित अपराधी) घोषित कर दिया। पुलिस और पीओ सेल आरोपी की तलाश कर रहे थे। कुछ दिन पहले पीओ सेल को सूचना मिली कि आरोपी गुड्डू अमृतसर में है। पीओ सेल की टीम अमृतसर गई। वहां मंगलवार तड़के करीब 3:00 बजे बल्ला बाईपास के पास उसे पकड़ लिया। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है।