अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में कला के क्षेत्र में उभरती हुई प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध करवाने की दिशा में भाषा एवं संस्कृति विभाग के सभागार में हर माह के एक वीरवार को विभिन्न सामाजिक विषयों पर नाटकों का मंचन तथा स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लोक संगीत व अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने प्रशासन में दक्षता लाने के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि घुमारवीं में बनने वाले केंद्रीय विद्यालय के भवन को प्राथमिकता में लें तथा संबंधित अधिकारियों के साथ इस विषय में चर्चा करें ताकि मौके पर जाकर स्थान का निरीक्षण किया जा सके। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि आगामी बोर्ड की परीक्षाओं में जिला का परिणाम शत प्रतिशत हासिल करने के लिए प्रशिक्षित अध्यापकों द्वारा तैयार किए गए प्रश्न पत्रों को शीघ्र उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें ताकि परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए समयबद्ध विद्यार्थियों को प्रश्न पत्रों को दिया जा सके।
लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए जिला में हैलो डीसी ऐप की सुविधा शुरू की गई हैं जिसके माध्यम से लोग अपनी समस्याओं के बारे में सीधे तौर पर वीडियो कॉल के माध्यम से चर्चा कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी उपमंडल के पंचायत सचिवों को इस संबंध में 10 फरवरी तक प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित करें। कृषि पैदावार को बढ़ावा देने के लिए तथा किसानों को मौसमी सब्जियों की पैदावार के बारे में जागरूक करने के लिए कृषि विभाग को सूची बनाने के लिए कहा जिसमें गर्मियों के मौसम तथा सर्दियों के मौसम में पैदा होने वाली सब्जियों की समयावधि का उल्लेख हो ताकि किसान सारणी अनुसार फसलों की पैदावार कर सके।
उन्होंने कहाकि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिला में 15157 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि स्वाइन फ्लू के बारे में लोगों को जागरूक करें तथा डेंगू रोग के लिए पूर्व में ही एहतियात बरतने शुरू कर दें ताकि समय रहते इस रोग को पनपने से रोका जा सके।
इस मौके पर गो सदनों के निर्माण, मॉडर्न रिकॉर्ड रूम, रेलवे, प्रदूषण नियंत्रण, व्यास प्योर, काऊ सैंक्चुरी, अतिरिक्त शौचालय निर्माण, स्विमिंग पुल के अतिरिक्त अन्य विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीएम श्रवण मांटा, सहायक आयुक्त पूजा चौहान, सिद्धार्थ आचार्य, डीआरओ देवी राम, पीओ डीआरडीए संजीत सिंह, मेडिकल एमओएच डॉ. परविंद्र सिंह के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------------