अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र के लोगों को दूसरे स्थानों में जाने के लिए बसों में ऑनलाइन बुकिंग करवाने के लिए अब हमीरपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। घुमारवीं के लोगों के लिए बसों में सीटों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा आरंभ कर दी गई है। यह सुविधा ऑनलाइन बुकिंग काउंटर पर सुबह 5 बजे से रात सवा नौ बजे तक उपलब्ध रहेगी। यह जानकारी विधायक राजेंद्र गर्ग ने घुमारवीं में एडवांस बुकिंग काउंटर के शुभारंभ पर संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें घुमारवीं से जहां भी जाती हैं उसके लिए घुमारवीं बस अड्डे से ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। बताया कि ऑनलाइन बुकिंग में यात्रियों से बस भाड़े के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का कोई भी बुकिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। किसी भी डिपो के सभी बसों की आने और जाने की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा यहां से मिलेगी, चाहे वो कहीं से भी चलती हों।
उन्होंने बताया कि इससे पहले लोगों को बसों में सीट की एडवांस बुकिंग न होने के कारण खड़े होकर सफर करना पड़ता था। युवा वर्ग तो मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करवा लेते थे लेकिन अधिकांश लोगों को मोबाइल के माध्यम से बुकिंग की जानकारी न होने के कारण बिलासपुर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि अब घुमारवीं में ही लोगों को घर द्वार पर यह सुविधा मिलने के कारण उनकी समय और धन दोनों की ही बचत होगी। उन्होंने घुमारवीं में बसों में सीटों के लिए एडवांस बुकिंग काउंटर खोलने के लिए मुख्यमंत्री तथा परिवहन मंत्री का धन्यवाद किया।
इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक पवन शर्मा ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम बिलासपुर डिपो की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर प्रधान व्यापार मंडल घुमारवीं हेमराज सांख्यान, मंडल महामंत्री सुरेश ठाकुर, मीडिया प्रभारी महेंद्र पाल रतवान, घुमारवीं बस अड्डा प्रभारी राजिंद्र शर्मा सहित हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
----------------