दस दिन में सड़क नहीं सुधरी तो विभाग का करेंगे घेराव
नौणी पंचायत के पड्गल गांव में ग्रामीणों ने बैठक कर दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नौणी पंचायत के गांव पड्गल में युवा कांग्रेस नेता आशीष ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें गांव से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों ने समस्याओं के बारे में बताया कि मंडलोयू से लेकर नौणी के लिए जो संपर्क सड़क जाती है वह बरसात के समय लगभग तीन महीने पहले पड्गल के पास क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बारे में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व संबंधित विभाग को भी कई बार अवगत करवाया लेकिन आज दिन तक उसके ऊपर कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
संपर्क सड़क टूटने की वजह से ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को लगभग छह किलोमीटर मंडी मानवा की तरफ से जाना पड़ता है। हाल ही में उसी स्थान पर एक गाड़ी नीचे नाले में चली गई। उस सड़क के साथ एक डंगा लगा हुआ है जो कभी भी गिर सकता है जिसकी वजह से जानमाल की क्षति हो सकती है।
आशीष ठाकुर ने विभाग व प्रशासन को चेताया कि अगर अगले 10 दिनों के अंदर उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर विभाग का घेराव किया जाएगा जिसकी जिम्मेवारी स्थानीय प्रशासन व प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर पंचायत सदस्य रविंद्र कौर, परमानंद, रमेश धीमान, बेलीराम ठाकुर, राज कुमार, सुमन कुमारी, बंती देवी, कमला देवी, पूजा देवी, गंगा देवी व अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
---------------
.....खेमराज शर्मा।