बिलासपुर। धान खरीद को खोले गए केंद्रों को प्रशासन ने कागजों में तो सभी को चालू कर दिया है, मगर एसडीएम ने जब निरीक्षण किया तो पता चला कि तीन केंद्र खुले ही नहीं हैं। एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई को लिखा है।एसडीएम डीएस गुप्ता धान खरीद केंद्र का जायजा लेने नगर की मंडी समिति पहुंचे तो वहां धान की तौल होती हुई पाई गई। एसडीएम ने केंद्र प्रभारियों को सूखे धान की तौल प्राथमकिता से करने को कहा।
एसडीएम ने बताया कि केंद्रों का सर्वे किया गया तो 14 अक्तूबर तक मंडी के केंद्रों द्वारा 5059 क्विंटल धान की खरीद होना पाई गई। इसके अलावा क्रय केंद्र एफएस सिसौना, केमरी द्वितीय, पिपलिया अहला, नबाबगंज, हब नबाबगंज पर धान की खरीद होती हुई पाई गई। धान खरीद केंद्र केमरी प्रथम, पनवड़िया, मंडी हब सिसौना, मंसूरपुर, शनिवार का बाजार केंद्रों पर कोई तौल होती हुई नहीं मिली। जबकि, बमनपुरा, रायपुर, कनकपुर केंद्र गायब मिले। किसानों ने बताया कि तीनों केंद्र अभी खुले ही नहीं हैं। धान खरीद धीमी होने की वजह धान में नमी होना बताई गई। एसडीएम ने बताया कि केंद्र न खोलने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम और जिला खाद्य विपणन अधिकारी को भी रिपोर्ट भेज दी गई है।