भोट। महिला को घर में अकेला देख घर में घुसकर तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके पति दूसरे शहर में रहकर पेंटर का काम करते हैं। घर में वह अकेली ही रहती है। आरोप है कि 25 जून को वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे गांव निवासी तीन व्यक्ति उसके घर में घुस गए और तमंचे के बल पर धमकाते हुए उसे कमरे में ले गए तथा मुंह बंद कर तीनों आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप यह भी है कि इस दौरान एक आरोपी ने उसकी वीडियो क्लिप भी बना ली। पीड़िता के शोर मचाने पर ग्रामीणों को मौके की ओर आता देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। उसने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।