अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। जिला में यातायात नियमों का पालन करवाने के अलावा सड़क हादसों में कमी लाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने कमर कस ली है। जिला पुलिस ने इसके लिए पांच ट्रैफिक मोबाइल यूनिटों का गठन किया है। इसके अलावा डॉपलर रॉडार के साथ भी वाहनों पर नजर रखी जा रही है। इससे जहां सड़क हादसों पर विराम लगेगा, वहीं हादसों के कारण भी पता लगा पाएंगे। जबकि मोबाइल यूनिटें ट्रैफिक जाम सहित अन्य प्रकार की जानकारी एक दम से कंट्रोल रूप तक देगी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पर्यटन सीजन के चलते कीरतपुर-मनाली मार्ग व अन्य पर्यटन स्थलों के लिए आने और जाने वाले पर्यटकों के वाहनों तथा सीमेंट की ढुलाई करने वाले ट्रकों व सामान्य यातायात के कारण किसी भी व्यक्ति विशेष को जाम के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए उक्त कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर की आरंभिक सीमा से अंतिम सीमा तक पांच मोबाइल यूनिटों को तैनात किया जाएगा। यह यूनिटें गरामोड़ा से गंभर, गंभर से कल्लर, कल्लर से नौणी और नौणी से घाघस तथा घाघस से सलापड़ तक यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी पांच टीमों के किसी भी प्रकार के जाम और यातायात अव्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल पहुंच जाते हैं।
बताया कि पुलिस विभाग की ओर से अत्याधुनिक गति सीमा मापक यंत्र डॉपलर रॉडार के माध्यम का भी प्रयोग किया जा रहा है जिससे छोटे व बड़े वाहनों की गति सीमा को मापा जा रहा है। रॉडार में आने वाले वाहनों की गति सीमा के रंगीन प्रिंट निकालने की भी व्यवस्था की गई है। इसके कारण वाहन चालक और पुलिस कर्मचारियों के बीच किसी भी प्रकार के विवाद की संभावना नहीं रहती है। अतिरिक्त मोबाइल यूनिट के पास एलकोहल सेंसर भी उपलब्ध है जो आवागमन के दौरान चालकों के नशे की दशा में होने की स्थिति में नशे की मात्रा बताएगा। उन्होंने बताया कि जिला में अब मोटर वाहन नियमों का भी पालन हो रहा है।
इनसेट...
दो पहिया वाहन चलाते हेलमेट पहने : शर्मा
पुलिस अधीक्षक अशोक शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वह दो पहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट को पहने और कार सहित अन्य गाड़ियों में सीट बेल्ट का हर हाल में प्रयोग करें। उन्होंने साफ किया कि यातायात नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
-------------------