बिलासपुर। भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी बिलासपुर इकाई ने केके कौशल की अध्यक्षता में उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों को कम करने की मांग की। कम्युनिष्टों ने कहा कि एक तरफ तो अन्य देशों में तेल की कीमतें कम हो रही हैं, वहीं देश में पिछले चार साल से डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि हो रही है। सरकार खाद्य और अन्य वस्तुओं पर जीएसटी लगा रही है। लेकिन, पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में नहीं लाया गया है। इससे आम जनता का जीना दुर्भर हो गया है। महंगाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
कहा कि जिला बिलासपुर विस्थापितों का शहर है। विस्थापितों को गृह कर में छूट देनी चाहिए। वहीं प्रदेश सरकार ने वादा किया था कि हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज की कक्षाएं बिलासपुर में जल्द शुरू की जाएंगी। लेकिन, अभी तक प्रदेश सरकार ने अपने वादे को पूरा नहीं किया है।