बिलासपुर।
ऐतिहासिक और लोकप्रिय नलवाड़ी मेला अब नलवाड़ी पीपल फेस्टिवल के नाम से जाना जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए लोगो भी जारी कर दिया है। बचत भवन में मंगलवार को लोगो और नए नाम का विमोचन किया गया। फेस्टिवल का लोगो बिलासपुर की धरोहरों पर आधारित है।
नलवाड़ी मेले को आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके अलावा इस बार मेले की शोभा यात्रा भी स्वच्छता थीम को लेकर निकाली जाएगी। इस बार भी शोभा यात्रा लक्ष्मीनारायण मंदिर से निकाली जाएगी। जो शहर की परिक्रमा करते हुए मेला ग्राउंड में मुख्यअतिथि के खुंटा गाड़ कर संपन्न होगी। हालांकि अभी जिला प्रशासन ने मुख्यअतिथि के नाम का खुलासा नहीं किया है। जबकि समापन अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करेंगे। उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया ने बताया कि मेले को आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन तैयारियां कर रहा है। मेले में स्वच्छता को लेकर भी प्रशासन तैयारियां कर रहा हैै। मुख्यअतिथि के नाम की लिस्ट अभी तक फाइनल नहीं हो पाई है।
एक फैमिली नाइट भी
नलवाड़ी पीपल फेस्टिवल में एक सांस्कृतिक संध्या फैमिली नाइट के नाम से रखी जाएगी। इस नाइट में हिमाचली कलाकारों को ही बुलाया जाएगा। इसमें कोई भी अन्य बाहरी कलाकार प्रस्तुति नहीं देगा। स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए इस संध्या का आयोजन किया जाएगा। अभी इसकी तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
लोगो में सभी धरोहरें शामिल
मेले के लोगो में बिलासपुर की सभी ऐतिहासिक धरोहरों का व्याख्यान किया गया है। लोगो में लक्ष्मीनारायण मंदिर, धौलरा मंदिर, पानी के डूब चुके रंगनाथ महल, क्रिकेट स्टेडियम, महर्षि व्यास जी, रंगनाथ मंदिर, पैराग्लाइडिंग साइट, वाद्ययंत्र और कुश्ती, नयना देवी माता मंदिर, बच्छरेटू का ऐतिहासिक किला और कंदरौर का पुल दर्शाया गया है।
एसपी, डीसी और कर्मचारियों ने दिया आधे दिन का वेतन
मेले के लिए उपायुक्त और एसपी कार्यालय के कर्मचारियों ने स्वेच्छा से आधे दिन का वेतन दे दिया है। दो कार्यालयों के कर्मियों का वेतन मिलाकर 63 हजार रुपये बनता है। इसके अलावा बच्चा हुआ आधे दिन का वेतन किसी और कार्य में लगाया जाएगा।