अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। आईटीआई बिलासपुर में 26 मार्च से 14वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज होने जा रहा है। खेलकूद प्रतियोगिताओं में जिला के 16 विभिन्न संस्थानों के 465 महिला व पुरुष खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ एसडीएम सदर प्रियंका वर्मा करेंगी।
प्रधानाचार्य आईटीआई बिलासपुर अजेश कुमार ने बताया प्रतियोगिता का समापन 31 मार्च को होगा। समापन समारोह में उपायुक्त विवेक भाटिया विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। इस प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबाल, खोखो, बास्केटबाल, बैडमिंटन, बुशु, एथलेटिक प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में महिलाओं के लिए एकल गीत, समूह गान, लघु नाटिका एवं लोक नृत्य की प्रतिस्पर्धा भी आयोजित करवाई जाएगी।
छह दिवसीय पुरुष एवं महिला वर्ग की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जिले में कार्यरत विभिन्न निजी तथा सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में से 16 संस्थानों के लगभग 315 पुरुष एवं 150 महिला प्रतिभागी भाग लेंगे। इनमें राजकीय आईटीआई स्वारघाट, घुमारवीं, बरठीं, भराड़ी व श्रीनयना देवी जी एवं मेजबान आईटीआई बिलासपुर तथा निजी आईटीआई में संतोषी आईटीआई घुमारवीं, न्यू डोगरा चांदपुर, आदर्श स्वारघाट, प्रांजली पट्टा (घुमारवीं), शिव हरीचड्डा हारकुकार (घुमारवीं), मां संतोषी लुहारवी (घुमारवीं), डोगरा बिलासपुर, संख्यान घुमारवीं, सत्यम आवरी एवं हिमस घुमारवीं की टीमें भाग लेंगी।