अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। प्राचीन लोक सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार के लिए मेले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विधायक सुभाष ठाकुर ने लद्दा में शुरू हुए दो दिवसीय मेले के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। इस अवसर पर दो दिवसीय लद्दा मेले का टमक बजाकर पारंपरिक रूप से शुभारंभ किया और दंगल प्रतियोगिता को भी आरंभ करवाया।
विधायक ने 65 करोड़ की लागत से निर्मित हुए कौलडेम पेयजल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के तहत एक लाख से भी अधिक लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। 10 करोड़ की लागत से जिला के धार्मिक स्थल मार्कंडेय का जीर्णोद्धार किया जाएगा तथा बिलासपुर में आधुनिक शैली के बहुमंजिला बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाएगा ताकि लोगों को यातायात की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। इसके अलावा साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इस मौके पर विभिन्न महिला मंडलों की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। महिला मंडलों को 2-2 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए। इस अवसर पर बीडीओ घुमारवीं जीतराम, अधिशाषी अभियंता बीएन पराशर, मंडला अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, जिला परिषद सदस्य भारत भूषण, बीडीसी सदस्य गिरधारी लाल, निशु देवी, उर्मिला कौशल, ग्राम पंचायत प्रधान अंजना धीमान, उपप्रधान प्रकाश चंद, देशराज, राकेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।