अमर उजाला ब्यूरो
झंडूता(बिलासपुर)। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण उपमंडल के तहत आने वाली सड़कों की हालत दिन प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से जहां लोगों को सफर करना आसान नहीं रह गया है, वहीं वाहनों को भी भारी नुकसान हो रहा है।
सड़कों पर पड़े गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं रह गया है। कई बार वाहन चालक वाहनों को पास देते समय दुर्घटनाओं का शिकार होने से बाल बाल बचे हैं। उपमंडल की भगेड़, समोह, झंडूता, शाहतलाई, सेर सुनहानी बरठीं, बरोहा, नखलेहड़ा ज्योरिपतन, समोह गेहड़वीं थुरान आदि सड़कों पर गड्ढे होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की अधिकतर सड़कों में कई जगहों पर डंगे गिर गए हैं।
सड़कों के दोनों ओर उगी झाड़ियों के कारण दूसरी तरफ से आने वाले वाहनों का पता तक नहीं चलता जिससे दुर्घटना होना आम बात है।
स्थानीय लोगों युवराज सिंह, श्याम सिंह, प्रकाश चंद, सुरेश कुमार, राजेश कुमार, अजय कुमार, संजीव कुमार, अशोक कुमार, अरविंद कुमार, अमर सिंह, कुलदीप सिंह, अमीचंद, विपिन कुमार, नीतीश कुमार, ईश्वर दत्त, राज कुमार, पवन कुमार, ओंकार सिंह, राकेश कुमार, नंद लाल, ज्ञान सिंह, महेंद्र सिंह, दिनेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क की दयनीय हालत से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग झंडूता के कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र सिंह के अनुसार बरसात का मौसम खुलते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।