अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में सड़क पर अपनी दुकानदारी सजाए बैठे कारोबारी आम लोगों के लिए आफत बने हुए हैं। कारोबारी अपनी दुकानों को सड़क तक लगा देते हैं जिस कारण जहां आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आए दिन वाहन चालकों को भी जाम की परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। अतिक्रमण के कारण बाजार का स्वरूप भी बिगड़ रहा है।
अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कुछ समय पूर्व में प्रशासन के द्वारा यलो लाइन भी लगाई गई थी, पर कुछ दिनों के लिए सब ठीक ठाक रहा लेकिन उसके बाद फिर से वही हाल हो गया है। जिस सड़क पर सबसे ज्यादा अतिक्रमण हो रहा है उस सड़क पर घुमारवीं प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियां दिन में कई बार इधर-उधर दौड़ती रहती हैं पर प्रशासन आंख बंद करके बैठा है।
प्रशासन का मूक दर्शक बन जाना, आम जनता और लोगों को खूब खटकता है। आखिर प्रशासन क्यों कार्रवाई करने से पीछे हटता है। कहीं इसके पीछे राजनैतिक दबाव तो नहीं है।
प्रशासन ने कुछ समय पहले जो यलो लाइन लगाई थी उसका प्रभाव भी कुछ दिनों के अंदर ही खत्म हो गया और सड़कों तक लोगों की दुकानदारी वैसे ही सजनी शुरू हो गई है जैसे पहले हुआ करती थी।
शहर के लोगों में ज्ञान चंद ठाकुर, विशाल भारद्वाज, विशाल चौहान, मंजीत ठाकुर, रमजान, प्रदीप गुप्ता, होशियार सिंह, अनिल मिंटु ने कहा कि प्रशासन का दोहरा मापदंड आम लोगों पर भारी पड़ रहा है लेकिन इसके बाद भी घुमारवीं प्रशासन मानों कोई कार्रवाई नहीं करना चाह रहा है।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि जल्द ही शहर का दौरा किया जाएगा और दुकानदारों को चेतावनी दी जाएगी कि अपना समान दुकान के भीतर ही रखें। अगर फिर भी दुकानदारों के द्वारा अवमानना की जाएगी तो उनका सामान भी जब्त कर लिया जाएगा तथा नियम के अनुसार चालान भी किया जाएगा।