अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट (बिलासपुर)। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ब्लॉक स्वारघाट की बैठक स्वारघाट के लोक निर्माण विश्राम गृह में बुधवार दोपहर बाद आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक के प्रधान संतोष शर्मा ने की। बैठक में जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ बिलासपुर के जिला उपाध्यक्ष रूप लाल ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ब्लॉक स्वारघाट की बैठक में पांच प्रस्ताव पारित किए गए हैं जिसमें प्रदेश सरकार से मांग की है कि 2003 के बाद नियुक्त हुए सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल की जाए। स्वारघाट ब्लॉक के अंतर्गत सभी विभागों के कर्मचारियों के लिए सरकारी आवास सुविधा मुहैया करवाई जाए। साथ ही सरकारी कर्मचारियों को शीघ्र चिकित्सा भत्ता देने और चुनाव ड्यूटी भत्ता देने की भी मांग की गई है। स्वारघाट बाजार में पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ बनाने और गरामौड़ा टोल बैरियर को अन्यत्र बदलने के बारे में भी मांग की गई है।
बैठक में महासंघ ब्लॉक स्वारघाट के महासचिव नंदलाल ठाकुर, उपप्रधान विपन कुमार, मुख्य सलाहकार दीनानाथ एवं सदस्यों में मीना कुमारी, शीला देवी, आरके कश्यप, लोकेंद्र कुमार, प्रकाश चंद, बुद्धिराम, सतीश कुमार, रामलाल, बालक राम, किशोरी लाल, कृष्ण लाल एवं द्रोपती देवी ने भाग लिया।