तीस महिलाओं को दिया ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण
यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ने किया प्रशिक्षण आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में 30 महिलाओं ने भाग लिया जिसमें से 15 महिलाएं बीपीएल परिवारों से थीं। इन महिलाओं को ब्यूटी पार्लर के अलावा कैसे अच्छा उद्यमी बनना है इसकी भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान उद्यमशील व्यक्ति की सक्षमताएं, वित्त प्रबंधन, मार्केटिंग प्रबंधन, समय का प्रबंधन आदि विषयों पर भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण की समाप्ति पर अग्रणी जिला प्रबंधक केके जसवाल ने प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र बांटे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं के लिए बहुत सारी योजनाएं शुरू की गई हैं जिनका उन्हें लाभ उठाना चाहिए। प्रशिक्षण के बाद आप लोग अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं जिसके लिए आप किसी भी बैंक से ऋण ले सकते हैं।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक वीके धीमान ने बताया कि संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 45 वर्ष के युवाओं के लिए अनेक गतिविधियों जिनमें सिलाई एवं कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, मशरूम, रेशम कीट पालन, कंप्यूटर बेसिक, बैग बनाना, खिलौने बनाना, दुग्ध उत्पादन आदि में निशुल्क प्रशिक्षण देता है।
प्रशिक्षण के दौरान दिन का खाना व दो समय चाय की व्यवस्था संस्थान की ओर से की जाती है। बीपीएल परिवार के लोगों को आने जाने का किराया भी दिया जाता है। इस अवसर पर यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की संकाय सदस्य लीना शर्मा, सविता चौहान, अजय चंदेल, गार्गी कश्यप व मेहमान संकाय नीलोफर मिर्जा भी उपस्थित थीं।
----------------
.....नीटू सिंह।