स्मारक में दिखेंगी 148 शहीदों की शहादत की कहानियां
‘एक ईंट शहीद के नाम’ अभियान में अभी तक जुड़े 17325 लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। देश की आनबान और शान की खातिर बलिदान देने वाले रणबांकुरों की शहादत को बिलासपुर में बनने जा रहे हिमाचल के पहले हाईटैक शहीद स्मारक में विभिन्न युद्धों के 148 शहीदों के नाम व जीवनी अंकित होगी।
शहीदों की शहादत को स्मारक के माध्यम से लोगों के दिलों-दिमाग में हमेशा के लिए जिंदा रखने के मकसद से जिलाधीश विवेक भाटिया की पहल पर ‘एक ईंट शहीद के नाम’ अभियान शुरू किया गया है। गांव-गांव और शहर-शहर से लोग अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। इसके तहत कारगिल शहीद उधम सिंह की धर्मपत्नी निर्मला देवी ने कदम बढ़ाते हुए अपनी पति की नेक कमाई से 50 हजार कीमत का सरिया भेंट किया है।
खास बात यह है कि अब तक इस अभियान से जिले के 17325 लोग जुड़ चुके हैं और जन सहयोग से 45 हजार ईंटें, जबकि 19 क्विंटल सरिया जमा हो चुका है। लोगों का अभियान से जुड़ने का क्रम जारी है। बिलासपुर में शुरू किए गए ‘एक ईंट शहीद के नाम’ अभियान से हर दिन लोग जुड़कर योगदान दे रहे हैं। शहीदों की शहादत को सलाम करने के लिए लोगों का यह जज्बा गौरवान्वित कर रहा है।
---------------------
....खेमराज शर्मा।