बिलासपुर। सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में मरीजों का हालचाल जाना। अस्पताल प्रशासन को जलजनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक पग उठाने के दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि आमजन को जल से होने वाली बीमारियों के बारे में भी जागरूक करें ताकि प्रारंभिक अवस्था में ही इन पर नियंत्रण पाया जा सके। जिला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर लोगों को जागरूक करें। स्वास्थ्य विभाग के संस्थानों में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। आसपास पानी को इकट्ठा न होने दें और घास और झाड़ियों की साफ-सफाई करना सुनिश्चित करें।
सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्राकृतिक जलस्रोतों, जल भंडारण टैंक, हैंडपंप के समीप सफाई व्यवस्था रखने और क्लोरीनेशन करने के निर्देश दिए। जल भंडारण टैंकों को ढकना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. वीके चौधरी के अतिरिक्त समस्त चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।