श्रीनयनादेवी (बिलासपुर)। कोट थाना के तहत गांव नद्वेहला में एक कच्चा मकान गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। मकान को गिरता देख परिवार के सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
वीरवार रात नयनादेवी के नद्वेहला गांव में एक कच्चा मकान गिर गया। पोला राम पुत्र कलिया राम, उसकी पत्नी और दो बेटियां व एक बेटा घर में सो रहे थे। देर रात एकाएक मकान के नीचे की जमीन बैठ गई। इससे मकान धीरे-धीरे गिरना शुरू हो गया। परिवार के सदस्य समय रहते घर से बाहर आ गए। कुछ ही देर में पूरा मकान मलबे के ढेर में तबदील हो गया।
गांव कोलावाला टोबा के निवासी कमल, गोल्डी, सौदागर राणा और पम्मू ने बताया कि पोला राम गरीब है और उसकी आय का कोई साधन नहीं है। मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।