सेवाओं में कोताही सहन नहीं होगी : डीसी
बिलासपुर में अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर।
उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा कि आमजन को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाना संबंधित अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाने में बरती गई कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा। यह बात उपायुक्त जिला की कानून व्यवस्था एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के सुचारु संचालन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर ढंग से 108 एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन विभाग की सेवाओं के सहित अन्य आपात सेवाओं में कोताही सहन नहीं होगी। डीसी ने अग्निशमन विभाग की गाड़ियों में जल संग्रहण और हाईड्रेंट की व्यवस्था में व्यापक सुधार करने के निर्देश देते हुए कहा कि आग की घटनाओं की सूचना के लिए तत्काल एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारों को दिशा निर्देश दिए कि वह सड़कों के किनारों और अन्य स्थलों पर होने वाले अनधिकृत कब्जों पर कड़ी नजर रखी जाए। वर्तमान समय में कहीं भी कोई अवैध कब्जा न हो, इसके लिए व्यापक रूप से बाजार और वार्डों में निरीक्षण की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे है। सीमांत क्षेत्र की पुलिस चौकियों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सभी समस्याओं के निवारण के लिए एक पूर्ण योजना बनाए जाने को कार्यरूप दिया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक श्री नयनादेवी रामलाल ठाकुर, सदर के विधायक सुभाष ठाकुर, घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने भी चर्चा में भाग लिया और विभिन्न मुद्दों को लेकर दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय कुमार, अनुदेशक गृह अजय कुमार, एसडीएम प्रियंका वर्मा, एसडीएम श्रीनयना देवी अनिल चौहान, सीएमओ वीके चौधरी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।