ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार व्यापक पग उठा रही हैं। कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर सुलभ हों, इसके लिए तीव्र गति से प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद अनुराग ठाकुर ने घुमारवीं की पंचायत गाहर के स्वारा गांव में 28 लाख 45 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सब्जी एकत्रीकरण एवं श्रेणीकरण केंद्र का शिलान्यास और 13 लाख 44 हजार रुपये की राशि से तैयार सोलर पावर प्लांट उठाऊ सिंचाई योजना स्वारा का उद्घाटन किया। इस सब्जी एकत्रीकरण केंद्र को 30 जून तक निर्मित कर दिया जाएगा। इससे आस-पास के किसानों को अपने उत्पादों को बिक्री के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। सोलर पावर प्लांट से क्षेत्र के 76 किसान परिवारों की 250 बीघा जमीन को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। राज्य सरकार की ओर से जल से कृषि को बल योजना के बारे में बढ़ावा दिया जा रहा है। कहा कि भानुपली से बिलासपुर बरमाणा तक रेलवे लाइन के निर्माण कार्य के लिए प्रथम चरण में 130 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई है। विधायक राजेंद्र गर्ग ने सांसद अनुराग ठाकुर का स्वागत किया। इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष घुमारवीं नरेंद्र ठाकुर, मंडल महामंत्री जोरावर व सुरेश ठाकुर, उपमंडलाधिकारी शशी पाल शर्मा, डॉ. शशी पाल, जिला उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, उपनिदेशक कृषि विभाग जीएस पंत, रवि कुमार, चुन्नी लाल लखनपाल, प्रधान कुलतार, पूर्व प्रधान जमना देवी के अतिरिक्त अन्य लोग मौजूद रहे।