बिलासपुर। स्पेशल ओलंपिक भारत हिमाचल प्रदेश खेलो इंडिया की तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। समारोह की अध्यक्षता घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग ने की।
राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में वॉलीबाल के महिला वर्ग में मंडी को स्वर्ण और सोलन को रजत पदक मिला। जबकि पुरुष वर्ग का खिताब सोलन के नाम रहा। उपविजेता मंडी और तीसरे स्थान पर सिरमौर रहा। इसके अतिरिक्त वॉलीबाल की ग्रुप-बी की स्पर्धाओं में सिरमौर की टीम ने स्वर्ण व बिलासपुर की टीम ने रजत पदक हासिल किया। सॉफ्ट बाल स्पर्धा में प्रथम व द्वितीय स्थान पर जिला सिरमौर ने कब्जा जमाया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश के अक्षम बच्चे खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता निभाकर प्रदेश व देश का नाम समूचे विश्व में रोशन करें। इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। वही चेतना जैसी स्वयंसेवी सस्थाएं भी प्रशंसनीय भूमिकाएं निभा रही हैं। अक्षम बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शन करने के लिए सरकार की ओर से उचित प्लेटफार्म उपलब्ध करवाया जा रहा है, बल्कि आर्थिक रूप से भी इन्हें यथासंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने विजेता बच्चों को सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्रिगेडियर जेएम शर्मा, नंद प्रकाश बोहरा, नीना कौशल, प्रमोद शर्मा, अमरनाथ धीमान, श्याम लाल कौंडल, जगदीश नड्डा, कश्मीर सिंह ठाकुर उपस्थित रहे।