अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं/जामली (बिलासपुर)। एक ओर तो बारिश ने लोगों को परेशान करके रखा हुआ हैं, वही दूसरी और सोमवार को दोपहर बाद घुमारवीं में सीर खड्ड पुल पर ट्रक के खराब होने से लोग खासे परेशान रहे। इससे बड़े वाहनों के पहिये थम गए। यातायात तीन घंटे तक प्रभावित रहा। छोटे वाहन तो निकलते रहे लेकिन बड़े वाहन वहीं फंसे रहे। जबकि चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर भी दिन भर छोटे-छोटे पत्थर गिरते रहे।
सीर खड्ड पुल के बीचोंबीच ट्रक के खराब होने के चलते शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग 103 पर यातायात लगभग 3 घंटे तक बाधित रहा। इसके चलते पुल के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। शाम को पांच बजे के बाद तो जाम इतना लंबा हो गया कि छोटे वाहनों को वापस मोड़ना भी संभव नहीं था। इसके चलते लोगों को बारिश में पैदल ही सफर तय करना पड़ा। देर शाम तक भी बड़े वाहनों के लिए यातायात बहाल नहीं हो पाया था।
गौरतलब है कि यह पुल तंग है तथा दो बड़े वाहन इसमें मुश्किल से गुजरते हैं। इसके चलते पुल के बीचों-बीच ट्रक के खराब होने के कारण बड़े वाहनों विशेषकर बसों में सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुल पर यातायात बाधित होने के चलते जहां शाहतलाई, ऊना की ओर जाने वाली बसें भी रुकी रहीं, वहीं धर्मशाला-शिमला की ओर जाने वाली बसें भी रुकी रहीं। घुमारवीं थाना पुलिस के पुलिसकर्मियों ने भारी बारिश के बीच यातायात को बहाल करने की भरसक कोशिश की लेकिन खबर लिखे जाने तक बड़े वाहनों के लिए यातायात बहाल नहीं हो पाया था।
इनसेट....
चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर रुक-रुक कर गिर रहे पत्थर
चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर सफर करना भी खतरे से खाली नहीं रह गया है। लगातार हो रही बारिश से हाईवे पर जगह-जगह पत्थर गिर रहे हैं जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि कई जगहों पर भूस्खलन भी हो चुकी है। हाईवे की अहमियत को देखते हुए लोनिवि ने जगह-जगह अपने कर्मचारी तैनात कर रखे हैं, जो पत्थरों व मलबे को समय पर वहां से हटा रहे हैं। जबकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनें भी लगी हुई हैं, वहीं रविवार रात भी यहां पर जाम लगा रहा। सरकारी बसें अपने निर्धारित समय से तीन से चार घंटे देर थी।