अमर उजाला ब्यूरो
जुखाला(बिलासपुर)। जुखाला में चल रहे जिला स्तरीय सायर मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या नाटी किंग कुलदीप शर्मा के नाम रही, वहीं पंजाब की जसवीर मेहता ने भी पंडाल में बैठे लोगों का जम कर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर ने मुख्यातिथि को पहाड़ी टोपी, शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा शुरू की है। इसके अंदर 40 बीमारियों की मुफ्त जांच तथा मुफ्त टेस्ट की सुविधा दी है।
उन्होंने बताया कि मार्केट में जिन टेस्टों को करवाने के लिए 5 हजार देना पड़ता है। वह सभी टेस्ट इस वाहन में निशुल्क किए जा रहे हैं। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मुफ्त में परामर्श और दवाइयां दी जा रही हैं। इस वाहन में डेंगू टेस्ट की सुविधा भी दी गई है। जब बिलासपुर जिला में डेंगू फैला तब उन्होंने पूरे संसदीय क्षेत्र के वाहनों को बिलासपुर जिला में भेज दिया ताकि यहां के लोगों को घर द्वार पर मुफ्त में स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
उन्होंने गसौड से मार्कंडेय तक सड़क के लिए दो लाख देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने मेला समिति को अपनी तरफ से 25 हजार देने की घोषणा की। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत पंजाब की मशहूर गायक जसप्रीत मेहता ने की। उन्होंने मुंडा तू है पंजाबी सोना..., डीसी भी तैनू सैलूट मारदा, तु नी बोलदी तेरे च तेरा यार बोलदा...,छला रह गया कला..., आदि गीत पेश कर धमाल मचाया।
इसके बाद नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने मंच संभाला और गणेश बंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद नींदरे पारे पारे चली जाया...,मुंडा आया मिलने शिमले...,डब्बा टिन दा बजाना...,खाना पीना नंद लेनी...,बन ठन के...,ओ साहिबा रिए बिबिए...आदि गाने पेश कर लोगों को झूमने पर मजबूर किया। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में दर्शकों की संख्या ने आज तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 15 हजार का आंकड़ा पार कर दिया। मेला समिति की ओर से बनाया गया पंडाल छोटा पड़ गया और पंडाल के बाहर तथा पुष्प भद्रा खड्ड लोगों से पूरी तरह भर गई। रात्रि संध्या खत्म होने के बाद भी दर्शक कुलदीप शर्मा से नाटियों की मांग करते रहे।