अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। किसी भी निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए न केवल अथक परिश्रम की ही आवश्यकता रहती है अपितु इसके लिए कड़ी मेहनत, लगन, समर्पण व टीम वर्क की भावना भी आवश्यक होती है। यह उद्गार उपायुक्त विवेक भाटिया ने मेजर ध्यान चंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कहलूर खेल परिसर लुहणू मैदान में आयोजित एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता के पारितोषिक वितरण समारोह में प्रकट किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यान चंद ने संपूर्ण विश्व में न केवल हॉकी खेल के परचम को ही फैलाया बल्कि आधुनिक भारत को खेल भावना और एक जुटता से लक्ष्य की प्राप्ति का सूत्र भी दिया।
युवाओं से आह्वान किया कि वह आधुनिकता की दौड़ में विपरीत दिशाओं की ओर पग न बढ़ाएं और नशे जैसी समाज में फैली हुई विषैली बीमारी को खत्म करने के लिए योगदान दें। आज के दौर में युवाओं को अपनी शक्ति को राष्ट्र हित व नव भारत के निर्माण में लगाने की आवश्यकता है।
जिला युवा एवं खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के जन्मदिवस पर आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऋषिकेश, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) बिलासपुर, स्टेट हॉस्टल बिलासपुर तथा सिटी क्लब बिलासपुर की चार टीमों के 88 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सिटी क्लब बिलासपुर प्रतियोगिता में विजेता रहा जबकि स्टेट हॉस्टल दूसरे स्थान पर रहा।