अमर उजाला ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर) घुमारवीं व मंडी जिला की सीमा पर स्थित बलद्वाड़ा कस्बा के चौक पंचायत के गांव रालन के 33 वर्षीय अश्विनी कुमार को लेकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया है। विदेश मंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि अश्वनी की माता को बता दीजिए कि उनका बेटा अभी आईसीयू में हैं, जैसे ही वह बाहर आएगा हमारे वहां पर कार्यरत राजदूत, अश्वनी से उनकी मां की बात करवा देंगे। उसकी मां को अब उसके सकुशल घर आने की उम्मीद बंध गई है।
परिजनों को आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का ट्वीट मिला तो पूरे परिवार सहित गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के ट्वीट से यह स्पष्ट हो गया है कि मामला विदेश मंत्रालय के पास व उनके ध्यान में है। बताते चलें की रोशनी देवी ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाई थी कि उसका इकलौता बेटा अमेरिका में रहता है तथा गत दिनों किसी ने उसको बुरी तरह से घायल कर दिया तथा वह सड़क पर पड़ा रहा। बाद में किसी ने उसे निजी अस्पताल में पहुंचाया था तथा उपचार चला है।