बरमाणा (बिलासपुर)।
बैरी रजादियां पंचायत में पाइप टूटने से पानी व्यर्थ बह रहा है जबकि पंचायत में पानी की किल्लत चल रही है। विभाग को पाइप टूटने के संबंध में अवगत करवाया लेकिन पाइपें दुरुस्त नहीं हो पाई हैं।
इससे ग्रामीणों में रोष है। कहा कि एक तो क्षेत्र में पानी की किल्लत चल रही है दूसरी ओर विभाग यूं ही व्यर्थ पानी बहा रहा है। पंचायत प्रधान राजीव चंदेल ने कहा कि इस पंचायत को जिस पाइप लाइन से सप्लाई जाती है वह जगह-जगह से टूटी हुई है। इस कारण आधा पानी तो व्यर्थ बह रहा है। थोड़ा बहुत पानी लोगों तक पहुंच पाता है लेकिन इससे जरूरत पूरी नहीं हो रही।
विज्ञापन
पंचायत प्रधान राजीव चंदेल का कहना है कि पानी की पाइपें टूटने के कारण इलाके में कई घरों तक तो पानी पहुंच जाता है लेकिन कुछ घरों में पानी की किल्लत जारी है। विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों को शिकायत की लेकिन कोई असर नहीं हो रहा है। कहा कि पानी की पाइपें सड़क किनारे खुली पड़ी हैं। गाड़ियों के नीचे आने से पाइपें आए दिन टूटती रहती हैं। विभाग के कर्मचारी समय पर इनकी मरम्मत नहीं करते और लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ता है। बैरी बाजार में दुकानदार जीत राम का कहना है कि बैरी चौक में जब पाइप टूटी तो उन्होंने लाइनमैन को पाइप की मरम्मत के लिए कहा। उसने यह कहा कि यह जिम्मेदारी मेरी नहीं है। उन्होंने विभाग से मांग रखी कि पाइपों को दुरुस्त करवाया जाए और साथ ही पाइपों को मिट्टी में दबाया जाए।
जल्द की जाएंगी ठीक : प्यारे लाल ठाकुर
आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्यारे लाल ठाकुर ने कहा कि समस्या ध्यान में आई है। जल्द ही पानी की पाइपों को दुुरुस्त करवाया जाएगा ताकि पानी की समस्या दूर हो सके। कहा कि शिकायत मिलती है तो तुरंत समाधान किया जाता है।