स्वारघाट (बिलासपुर)। आबकारी एवं कराधान विभाग बिलासपुर की टीम ने बाहरी राज्यों से बिना बिल सामान लाने पर शिकंजा कसा है। आबकारी विभाग की टीम ने दो दिनों की कार्रवाई में 1.25 लाख रुपये जुर्माना वसूला है।
उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग बिलासपुर मनोज डोगरा ने बताया कि कमल ठाकुर सहायक आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी की अगुवाई में सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी कुमारी प्रोमिला, शिवानी कपूर, रवि कुमार, राकेश कुमार व अरुण कुमार ने चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्वारघाट में नाकों के दौरान कार्रवाई की है। टीम ने बिना बिल, ईवे बिल के सामान ले जा रही वॉल्वो बस से मौके पर 35 हजार बतौर जीएसटी जुर्माना वसूला। बस में दिल्ली से मनाली की ओर बिना बिल के स्पेयर पार्ट व अन्य सामान ले जाया जा रहा था। टीम ने अन्य गाड़ियाें को भी 33 हजार रुपये बतौर जीएसटी जुर्माना लगाया है। इनके बिलों व ईवे बिलों में अनियमितताएं पाई गईं।
इसके अतिरिक्त बिना टैक्स अदा किए जा रही गाड़ियों से पीजीटी/सीजीसीआर अधिनियम के अंतर्गत 57.90 हजार रुपये वसूले गए हैं। पिछले दो दिन में विभाग की टीम ने 1 लाख 25 हजार 900 रुपये जुर्माना राशि वसूली है। मनोज डोगरा उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग बिलासपुर जिला बिलासपुर ने इसकी पुष्टि की है।