उपमंडल सदर के तहत शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे घयाणा के पास एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। युवक का घर राजमार्ग के बिल्कुल साथ है। बताया जा रहा है कि युवक शाम को घर पर ही था, लेकिन जब उसकी मां ने सुबह उसके कमरे में देखा तो वह कमरे में नहीं था। जब इधर-उधर देखा तो युवक घर के ऊपर सड़क किनारे मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान विनीत शर्मा (28) निवासी निहारखन वासला डाकघर ब्रह्मपुखर के रूप में हुई। घटना की जानकारी शीघ्र पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। वहीं ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है।