भानुपल्ली में तैयार किया गया डायवर्सन ट्रैक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सामरिक दृष्टि से अति महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेल परियोजना में 3.2 किलोमीटर लंबे नए डायवर्जन ट्रैक पर 4 फरवरी से ट्रेन उतारी जाएगी। रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) शनिवार को इस नई लाइन का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद ट्रेन संचालन की अनुमति दी जाएगी। डायवर्जन ट्रैक को भानुपल्ली में चैनेज नंबर माइनस 2600 से जमा 600 तक ट्रैक बिछाया गया है।
पुरानी लाइन को डाइवर्ट कर यह नई लाइन बिछाई गई है, ताकि बिलासपुर की ओर भानुपल्ली से आगे के निर्माण कार्य बिना रुकावट के पूरे हो सकें। रेलवे सुरक्षा आयुक्त शनिवार को 3.2 किलोमीटर डायवर्जन ट्रैक का गहन निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनके साथ आरवीएनएल के सभी अधिकारी जो इस परियोजना में काम कर रहे हैं, मौजूद रहेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान ट्रैक की संरचनात्मक मजबूती, सिग्नल व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद अनुमति मिलने पर ट्रेनें इस रूट पर उतारी जाएंगी।