यमुनानगर। जिलेभर में लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती मनाई गई। इस उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। जिलास्तर कार्यक्रम मॉडल टाउन दशहरा ग्राउंड में हुआ। इसमें मुख्यातिथि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हरी झंडी दिखाकर युवाओं को रवाना किया। मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
इस दौड़ में सैकड़ों खिलाडिय़ों, युवाओं व महिलाओं ने भाग लिया और सैकड़ों प्रतिभागियों ने दशहरा ग्राउंड से होते हुए नेहरू पार्क, मेला सिंह चौक से प्यारा चौक, मधु चौक से होते हुए एसपी कोठी के सामने से वापिस दशहरा ग्राउंड में पहुंचे। इस दौरान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। मंत्री राणा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों का भारत बनाने के लिए युवा पीढ़ी को नि:स्वार्थ भाव से देश की सेवा करने का संकल्प लेना होगा।
इस संकल्प को पूरा करने के लिए देश की भावी पीढ़ी को अपने जीवन में सरदार वल्लभ भाई पटेल के आदर्शों को धारण करना होगा। उन्हाेंने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है, उनकी जयंती को देश भर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पर जगह-जगह रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाता हैं। इस आयोजन से हमें भारत की एकता और अखंडता की महत्वपूर्ण सीख मिलती हैं। यह आयोजन हम सबको अपने देश की विविधता और राष्ट्रीय एकता का महत्व समझाता है।
राष्ट्रीय एकता की शपथ लेते मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री, मेयर, व अन्य। संवाद