जगाधरी। नेहरू युवा केंद्र, युवा कार्यक्रम के तत्वाधान में रविवार से स्वच्छता पखवाड़ा की शुरूआत की गई। पहले दिन जिला मुख्यालय में स्वच्छता शपथ समारोह, स्वच्छता एवं श्रमदान पर गोष्ठी करवाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी प्रीतेश कुमार जवेरी ने की। उन्होंने ने पखवाड़े के तहत करवाए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, महात्मा गांधी की 150वीं जयंती, आजादी के स्वर्णिम महोत्सव और जल शक्ति अभियान के कैच द रैन कार्यक्रम करवाए जाएंगे। पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को जिलास्तरीय स्वच्छता शपथ समारोह, स्वच्छता एवं श्रमदान पर गोष्ठी कार्यक्रम किया गया।
इस दौरान युवाओं ने शपथ ली कि गांव स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं गांवों में पौधे लगाए जाएंगे और घर-घर पहुंचकर लोगों को इसके बारे जागरूक किया जाएगा। गांवों को खुले में शौच मुक्त बनाने की मुहिम के साथ स्वच्छता और जागरूकता अभियान, जन सामान्य को जागरूक करने और युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रभात फेरी व प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। ब्लॉक व गांव स्तर पर होने वाली गतिविधियों का लक्ष्य निर्धारण व कार्यक्रम आवंटन किया गया। जिला अधिकारी ने सभी युवा युवती मंडलों से स्वच्छता पखवाड़ा की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।