यमुनानगर। महापौर सुमन बहमनी ने सोमवार को बलिदानी ऊधम सिंह कंबोज चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बलिदानी के अदम्य साहस, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्श अपनाने का आह्वान किया।
महापौर बहमनी ने कहा कि उन्हों ने जलियांवाला बाग हत्याकांड में निर्दोष भारतीयों के बलिदान का बदला लेकर अंग्रेजी हुकूमत को भारत के स्वाभिमान और संकल्प की ताकत का एहसास कराया। कार्यक्रम में वार्ड 22 की पार्षद रुचि शर्मा, रुचि कांबोज, कांबोज चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य और अन्य गणमान्य लोगों ने भी शहीद उधम सिंह कांबोज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। बरहेड़ी में बलिदानी को दी श्रद्धांजलि : रादौर। गांव बरहेड़ी में शुक्रवार को बलिदानी ऊधम सिंह का शहीदी दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कांबोज सम्राट सुदक्षिण कांबोज और शहीद ऊधम सिंह का नया बैनर लगाया गया। मनीष कांबोज, मांगा राम कांबोज सहित अन्य लोगों ने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।