संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांव भीलपुरा निवासी संदीप कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव लाक्कड़ के पास एक बाइक चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में संजय कुमार ने बताया कि उनका भाई संदीप कुमार छह सितंबर को बाइक से किसी काम के लिए घर से बाहर गया था। रात करीब नौ बजे वह काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। जब वह गांव लाक्कड़ के पास पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक बाइक समेत मौके से भाग गया।
आसपास के लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल संदीप को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि बूडिया थाना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।