जगाधरी के एक इंटर कालेज में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्कूल के बच्चों ने 11 वीं कक्षा के कमरे में व्यक्ति का शव फंदे पर लटका देखा तो शिक्षकों को इसकी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटना स्थल का गहनता से निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की खंगाली जा रही है।
मामला जगाधरी के झंडा चौक पर राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय है। इंटर कालेज में 11वीं कक्षा की परीक्षा समाप्त होने के कारण छुट्टी चल रही है। वीरवार को करीब 12 बजे स्कूली बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चें 11 वीं कक्षा के सामने पहुंचे तो एक व्यक्ति का शव क्लास रूम में पंखे से लटका दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी सूचना स्टॉफ को दी। जिसके बाद प्राचार्य और अन्य शिक्षक भी तुरंत ही मौके पर पहुंच गए। कमरे के अंदर देखा कि करीब 35 वर्षीय व्यक्ति ने तौलिए से फंदा लगा रखा है।
प्राचार्य ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन, मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में रखवा दिया है।
अधिकारी के अनुसार
जगाधरी के इंटर कालेज में एक व्यक्ति ने फंदा लगाया है। व्यक्ति की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
-जसबीर सिंह, एसएचओ शहर थाना जगाधरी।