संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विष्णुनगर वर्कशॉप मार्केट में सड़क पार कर रहे एक युवक को बोलेरो पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की सोमवार शाम मुलाना स्थित एमएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक पिकअप समेत मौके से भाग गया।
बैंक कॉलोनी निवासी पूनम ने फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2011 में पुनीत के साथ हुई थी। वह 13 सितंबर की शाम करीब चार बजे पति के साथ घरेलू सामान खरीदने के लिए थ्री-व्हीलर से विष्णुनगर जगाधरी वर्कशॉप मार्केट गई थी। सामान खरीदने के बाद दोनों मुख्य सड़क पर शराब ठेके के पास थ्री-व्हीलर का इंतजार कर रहे थे।
सड़क की दूसरी तरफ अंडे की दुकानें थीं। पूनम के मुताबिक अंडे लेने के लिए पुनीत सड़क पार करने लगे। वह ट्रैफिक देखते हुए डिवाइडर तक पहुंच गए। डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जाने लगा तो आईटीआई यमुनानगर की ओर से तेज रफ्तार में आई बोलेरो पिकअप ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से पुनीत सड़क पर गिर गए और सिर में गंभीर चोट आई। चालक ने कुछ देर वाहन रोका, लेकिन भीड़ जमा होने पर पिकअप समेत भाग गया। हादसे के बाद राहगीर की मदद से पुनीत को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें मुलाना स्थित एमएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सोमवार शाम उनकी मौत हो गई। फर्कपुर थाना प्रभारी नसीब ने बताया कि पत्नी के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।