एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने जयमल कॉलोनी के सम्राट उर्फ सागर को 12.14 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। जबकि उसका दूसरा साथी कॉलोनी का ललित उर्फ राहुल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सेल के एएसआई जितेंद्र ने बताया कि सूचना मिली थी कि सम्राट व ललित नशीले पदार्थ बेचने का धंधा करते हैं। इस सूचना के आधार उनकी टीम ने सभापुर मार्ग पर पीर की मजार के पास नाकाबंदी की। तभी दो युवक बाइक पर आते देख पुलिस ने जांच के लिए उन्हें रोका तो उन्होंने बाइक वापस भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने बाइक चालक को तो काबू कर लिया जबकि पीछे बैठा युवक फरार हो गया। पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान सम्राट तथा फरार हुए युवक की ललित के तौर पर बताई। पुलिस ने रेसलिंग कोच अमित को मौके पर बुलाकर सम्राट की तलाशी ली तो उसकी पेंट की जेब से 12.14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने सम्राट को गिरफ्तार करने के अलावा उसकी बाइक को अपने कब्जे में लिया है। सम्राट के विरुद्ध जिला के अलावा देहरादून में भी लूट का मामला दर्ज है।