यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान एक युवक को 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक उत्तर प्रदेश की तरफ से नशीला पदार्थ लेकर कलानौर के रास्ते यमुनानगर में प्रवेश करेगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की । शक के आधार पर मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अंकित को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान इंदिरा आवास कॉलोनी निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर यमुनानगर में सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशा किससे लेकर आता था और जिले में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। संवाद