आरटीए, सेल टैक्स और माइनिंग अफसरों की रेकी करने में एक क्रेटा सवार युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो मोबाइल और रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं। रजिस्टर में गाड़ी मालिकों के नाम, गाड़ियों के नंबर व पैसे अंकित है, जबकि मोबाइल में भगवान के नाम पर कई ग्रुप बनाए गए हैं, जिसमें अधिकारियों की लोकेशन भेजी जाती है। मामले में केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक की गिरफ्तारी तब हुई जब वह स्पेशल एनफोर्समेंट टीम नॉर्थ जोन के एएसआई की रेकी कर रहा था।
स्पेशल एनफोर्समेंट टीम नॉर्थ जोन के एएसआई विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार की सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि गुमथला निवासी अमन कुमार अवैध माइनिंग व ओवरलोड गाड़ियों को चलाने वाले वाहन मालिकों से पैसे लेकर आरटीए, सेल टैक्स, माइनिंग व अन्य गाड़ियों की रेकी करता है। साथ ही अवैध माइनिंग व ओवरलोड गाड़ियों को चलवाता है। यह काम वाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में एडमिन द्वारा वाट्सएप के ग्रुप को चलाया जा रहा है। गाड़ी मालिकों से अधिकारियों की रेकी करवाने की एवज में वसूली भी की जा रही है। बताया गया कि तीन जून को अमन कुमार अपनी क्रेटा गाड़ी से रेकी कर रहा था, जिसके बाद उन्होंने सुबह चार बजे गुमथला के पास सरकारी गाड़ी का पीछा करते हुए उसे पकड़ा। उन्होंने बताया कि पहले तो आरोपी युवक ने अधिकारी के साथ भी अभद्रता की, लेकिन फिर सारी सच्चाई बता दी। पकड़े गए व्यक्ति ने गिरोह में शामिल कुछ लोगों के नाम भी उजागर किए हैं।
भगवान के नाम पर बनाया है ग्रुप-
बरामद किये गए फोन में काफी ग्रुप बनाए हुए मिले। जिन ग्रुपों में जय हनुमान जी, ग्रीन हवेली, हर हर महादेव, सब गोलमाल है, जय गंगा मैया, सच शांत एकांत, जय माता दी, भाईचारा, तहलका के नाम शामिल हैं। इनमें अफसरों की लोकेशन शेयर की जाती थी। इन ग्रुपों में बड़ी संख्या में वाहन मालिक और चालकों के नंबर शामिल हैं। इस बारे थाना जठलाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी से बरामद मोबाइल और रजिस्टर को भी खंगाला जा रहा है।