संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मालगाड़ी की चपेट में आने से वीरवार देर रात अज्ञात युवती की मौत हो गई। हादसा जगाधरी वर्कशॉप न्यू स्टेशन के पास यमुना नहर के नजदीक डीएफसीसी रेलवे लाइन पर हुआ। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जीआरपी के मुताबिक युवती के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था, जो घटना के बाद भाग गया।
जीआरपी के अनुसार कि रात करीब 11 बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि एक युवती ट्रेन की चपेट में आ गई है। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि भूरे रंग का सूट पहने युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा था। उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह चुका था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय युवती के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। वह ट्रैक पार कर गया, जबकि युवती पीछे रह गई और तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। पुलिस अब उस युवक की तलाश कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार उसकी बाजू पर रंजू नाम का टैटू और अंगूठे पर मछली पकड़ने के कांटे जैसा निशान बना हुआ है, जो पहचान में अहम सुराग साबित हो सकता है।
शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। साथ ही आसपास के थानों और क्षेत्रों में लोगों को सूचना भेजकर युवती की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।